सिद्धिविनायक मंदिर में ड्रेस कोड लागू, स्कर्ट व कटे-फटे कपड़े पहनने पर नहीं मिलेगी एंट्री

मुंबई: मुंबई के प्रसिद्ध सिद्धिविनायक मंदिर में आज से ड्रेस कोड लागू कर दिया गया है। इस नई व्यवस्था के तहत, मंदिर में प्रवेश के लिए श्रद्धालुओं को स्कर्ट, कटे-फटे कपड़े और रिवीलिंग ड्रेस पहनकर आना मना रहेगा। मंदिर प्रशासन के इस फैसले का भक्तों ने स्वागत किया है और इसे सही दिशा में उठाया गया कदम बताया है।
गुरुवार सुबह दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं ने ड्रेस कोड की तारीफ करते हुए इसे एक अच्छा निर्णय बताया। श्रद्धालु पुष्पा ने कहा, “अगर हम हिंदू संस्कृति का पालन करते हैं, तो देवी-देवताओं का भी सम्मान करना चाहिए। मंदिरों में ड्रेस कोड का पालन होना चाहिए, जैसे गुरुद्वारे, दरगाह और चर्च में होता है।” उन्होंने सभी से अपील की कि वे भारतीय संस्कृति से जुड़े वस्त्र पहनकर ही मंदिर में दर्शन करने आएं।
एक अन्य श्रद्धालु जयश्री देसाई ने कहा, “आज के समय में युवाओं के बीच फैशन का क्रेज बढ़ रहा है, ऐसे में ड्रेस कोड लागू करना बेहद जरूरी था। यह फैसला सही दिशा में लिया गया है।”
सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी ने इस कदम को श्रद्धालुओं के सुझावों के आधार पर लिया गया निर्णय बताया। उन्होंने कहा, “सिद्धिविनायक मंदिर दुनिया भर के सनातनी और गणेश भक्तों के लिए आस्था का केंद्र है। जब लोग पवित्र स्थलों पर जाते हैं, तो वहां के नियमों का पालन करना जरूरी होता है, ताकि स्थान की पवित्रता बनी रहे।”
इस निर्णय के बाद, मंदिर प्रशासन का मानना है कि इस कदम से मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था और श्रद्धा और बढ़ेगी।














