अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत प्रधानमंत्री मोदी ने 103 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का किया लोकार्पण, छत्तीसगढ़ के 5 स्टेशन भी शामिल

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज वर्चुअल माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत देशभर के 103 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया। इनमें छत्तीसगढ़ के पांच प्रमुख स्टेशन – अंबिकापुर, उरकुरा, भिलाई, भानुप्रतापपुर और डोंगरगढ़ शामिल हैं।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अंबिकापुर रेलवे स्टेशन में आयोजित समारोह में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि आदिवासी बहुल सरगुजा जिले का मुख्यालय अंबिकापुर अब रेलवे मानचित्र में एक प्रमुख स्टेशन बन गया है। मुख्यमंत्री ने इस सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया।
इन पांच स्टेशनों का हुआ उद्घाटन:
अंबिकापुर (बिलासपुर मंडल)
उरकुरा, भिलाई, भानुप्रतापपुर (रायपुर मंडल)
डोंगरगढ़ (नागपुर मंडल)
अंबिकापुर में आयोजित कार्यक्रम में राज्य के कृषि मंत्री राम विचार नेताम, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद चिंतामणि महाराज सहित कई जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
अमृत भारत स्टेशन योजना की विशेषताएं:
कुल 1337 स्टेशनों के आधुनिकीकरण का लक्ष्य
आज 103 स्टेशनों का लोकार्पण
स्टेशनों में स्थानीय कला, संस्कृति और परंपराओं का समावेश
आधुनिक सुविधाएं जैसे: भव्य प्रवेश द्वार, हाई मास्ट लाइटिंग, प्रतीक्षालय, मॉर्डन टॉयलेट, दिव्यांगजन रैंप, डिजिटल डिस्प्ले आदि|
इस पहल का उद्देश्य भारतीय रेलवे स्टेशनों को विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित करना है ताकि यात्रियों को एक बेहतर अनुभव मिल सके।














