अवैध गांजा के खिलाफ दुर्ग पुलिस की लगातार कार्यवाही जारी ,3 अलग अलग मामलों में तीन आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं, जो अलग-अलग स्थानों पर गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 23 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में कुछ लोग अवैध रूप से गांजा रखकर उसकी बिक्री करने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही थाना सिटी कोतवाली और एसीसीयू टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए शिवनाथ नदी रोड मुक्तिधाम के पास, टप्पा तालाब स्थित सुलभ शौचालय के समीप तथा दाई-दीदी भवन के पास घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम चन्दू देवांगन (32 वर्ष), महेश सारथी (56 वर्ष) और मनीषा सारथी उर्फ बिन्नी (26 वर्ष) बताए। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) और 27(क) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। बाद में सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से गांजे का भंडारण और बिक्री कर रहे थे।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़ी किसी भी सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।










