में दर्दनाक हादसा: नहर में गिरी स्कॉर्पियो, दो की मौत, चार घायल

सक्ती : सक्ती जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। रविवार देर रात पोता गांव के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। इस हादसे में चालक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो में कुल छह लोग सवार थे। सभी कोरबा से एक पारिवारिक समारोह में शामिल होकर अपने गांव कुसमूल लौट रहे थे। देर रात करीब 11 बजे के आसपास वाहन पोता गांव के समीप शराब भट्ठी के पास पहुंचा, तभी चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और गाड़ी सीधे नहर में जा गिरी।
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और वाहन के शीशे तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया गया। घायलों को तत्काल सक्ती अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान चालक और एक नाबालिग की मौत हो गई।
थाना प्रभारी प्रवीण राजपूत ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के गांव कुसमूल में मातम छा गया है।














