
दुर्ग, 1 जुलाई/जनसंपर्क। नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा शहर में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और नागरिकों की वर्षों पुरानी समस्याओं के निराकरण की दिशा में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 36 गंजपारा (पुलिस लाइन क्षेत्र) में लगभग ₹17.50 लाख की लागत से विभिन्न स्थानों पर नाली एवं पुलिया निर्माण कार्यों का विधिवत भूमिपूजन महापौर अलका बाघमार ने लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर,एमआईसी शिव नायक वार्ड पार्षद प्रतिभा सुरेश गुप्ता तथा बड़ी संख्या में उपस्थित वार्डवासियों की मौजूदगी में किया।
इस स्वीकृत कार्य के अंतर्गत बांधा तालाब निचली बस्ती एवं जीवन प्लाजा के पीछे, मंदिर से चौहान निवास तक, मोहन बाल मंदिर के आसपास तथा सरदार पटेल स्कूल के सामने नाली एवं पुलिया का निर्माण कराया जाएगा। इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र में जल निकासी की व्यवस्था मजबूत होगी, बरसात के दौरान होने वाले जलभराव से राहत मिलेगी तथा नागरिकों को आवागमन में बेहतर सुविधा प्राप्त होगी।
भूमिपूजन के दौरान महापौर अलका बाघमार ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य प्रत्येक वार्ड में समान रूप से विकास कार्य कर नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सड़क, नाली, पुलिया, पेयजल एवं स्वच्छता जैसी आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य किए जा रहे हैं, ताकि शहर का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना नगर निगम की जिम्मेदारी है और इसी भावना के साथ विकास कार्यों को गति दी जा रही है।

महापौर ने कहा कि बरसात के मौसम में जल निकासी की समुचित व्यवस्था अत्यंत आवश्यक होती है। इसलिए जिन क्षेत्रों में नालियों और पुलियों की आवश्यकता महसूस की गई, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्य स्वीकृत कराए गए हैं। इन निर्माण कार्यों के पूरा होने से क्षेत्रवासियों को लंबे समय तक इसका लाभ मिलेगा और स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण तैयार होगा।
इस अवसर पर वार्ड पार्षद प्रतिभा सुरेश गुप्ता एवं स्थानीय नागरिकों ने वार्ड में विकास कार्यों की स्वीकृति के लिए महापौर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन निर्माण कार्यों से क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान होगा और आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में उपअभियंता मोहित मरकाम, अजय शर्मा, कमल नारायण रूंगटा, विजय गुप्ता, मनोज श्रीवास्तव, सुरेश गुप्ता, प्रहलाद, महेंद्र सक्सेरिया, सरिता शर्मा, किरण सेन, चंचल शर्मा सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे/











