
दुर्ग। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच कोकड़ी नाला पुल पर एक युवक मोटरसाइकिल समेत तेज पानी के बहाव में बह गया। युवक किसी तरह एक पेड़ के सहारे पहुंचकर फंस गया और वहां से पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर मदद मांगी। सूचना मिलते ही उतई पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार, 25 सितंबर 2026 को ग्राम पव्वारा निवासी लोकेश्वर साहू मोटरसाइकिल से पव्वारा से खमहरिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कोकड़ी नाला पुल पर पानी का बहाव अचानक तेज होने के कारण वह मोटरसाइकिल सहित बह गए। बहते पानी के बीच युवक किसी तरह एक पेड़ के सहारे पहुंचा और उसे पकड़कर लटक गया।
तेज बहाव के बीच फंसे युवक ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर घटना की जानकारी दी और सहायता मांगी। सूचना मिलते ही थाना उतई पुलिस और डायल-112 की टीम तत्काल कोकड़ी नाला पुल के पास पहुंची। पुलिस टीम ने मौके की स्थिति का आकलन करते हुए सावधानी और सूझबूझ के साथ युवक तक पहुंच बनाई।
पुलिस जवानों ने युवक को पेड़ के सहारे से सुरक्षित बाहर निकाला और उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। समय पर पुलिस सहायता मिलने के कारण युवक की जान बचाई जा सकी और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका
रेस्क्यू अभियान में थाना उतई के निरीक्षक मोहन भारद्वाज, प्रशिक्षु उप निरीक्षक दीपक कुमार, प्रधान आरक्षक आशीष सिंह, आरक्षक राजीव दुबे, दीपक जॉन और डायल-112 के चालक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने की सावधानी बरतने की अपील
दुर्ग पुलिस ने लगातार बारिश के दौरान लोगों से नदी, नाला, पुल-पुलिया और तेज बहाव वाले स्थानों पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि पानी का बहाव तेज होने पर पुल या नाला पार करने का प्रयास न करें। किसी भी आपात स्थिति में खुद जोखिम उठाने के बजाय तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम या डायल-112 को सूचना दें।
















