डोंगरगढ़ की सुदर्शन पहाड़ी पर दिखे तेंदुए को वन विभाग ने सफलतापूर्वक पकड़ा

राजनांदगांव | जिले के डोंगरगढ़ स्थित सुदर्शन पहाड़ी पर बीते पांच दिनों से दिखाई दे रहे तेंदुए को बुधवार देर रात वन विभाग की टीम ने सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया। तेंदुए की मौजूदगी से क्षेत्र के निवासियों में भय का माहौल बना हुआ था, क्योंकि यह इलाका शासकीय क्वार्टरों और रिहायशी कॉलोनियों से घिरा हुआ है।







तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग ने पहाड़ी पर एक विशेष पिंजरा लगाया, जिसमें एक जीवित मेमना बांधा गया। विभाग के कर्मचारियों ने तीन शिफ्टों में सतत निगरानी की। तेंदुआ चार दिन तक पिंजरे के आसपास आता रहा, लेकिन पिंजरे में प्रवेश नहीं कर रहा था। अंततः बुधवार रात करीब 11 बजे वह पिंजरे में घुस गया और टीम ने उसे सुरक्षित पकड़ लिया।




बाद में तेंदुए को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया। इस अभियान के सफलतापूर्वक संपन्न होने से डोंगरगढ़ के नागरिकों ने राहत की सांस ली है। उल्लेखनीय है कि यह पूरा ऑपरेशन बिना किसी जनहानि या क्षति के पूरा किया गया।